लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इलेक्ट्रिक एसी सिटी बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी लखनऊ की सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी को 13 और इलेक्ट्रिक एसी सिटी बसें मिल गई हैं। इनसे रोजाना औसतन सात हजार लोगों को सफर की सुविधा मिलेगी।
इनमें से सबसे अधिक इंजीनियरिंग कॉलेज से स्कूटर इंडिया रूट पर बसें चलेंगी। यानी इनका वाया बादशाह नगर चौराहा, सिकंदरबाग, हजरतगंज, सचिवालय, लोक भवन, बापू भवन, चारबाग, आलमबाग से आवागमन होगा।
इसके अलावा विराजखंड गोमतीनगर से वृंदावन कॉलोनी के पी-4 पार्किंग के बीच भी ये बसें चलेंगी। शहीद पथ के दोनों ओर की नव विकसित कॉलोनियों में रहने वालों की सिटी बसें चलाने की पहले से मांग है।
ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रबंध निदेशक पीके बोस ने बताया कि दो बसों का चारबाग से टिकैतनगर के बीच संचालन होगा। ये बसें सुबह और शाम राजाजीपुरम एवं जानकीपुरम से सचिवालय कर्मियों को सेवाएं देंगी और दिन में टिकैत नगर रूट पर चलेंगी। हफ्ते भर में बसों का निरीक्षण के बाद पंजीयन हो जाएगा।