गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर मे है। अपने दौरे के दूसरे दिन सीएम योगी ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ की पूजा कर उन्हें ‘रोट’ का महाप्रसाद चढ़ाया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा करके आशीर्वाद लिया। इसके बाद देव और समाधियों की खास पूजा की।
गोरखनाथ मंदिर में सुबह 6.30 बजे से विशेष आरती हुई, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए नाथ योगी, संत, महात्मा और गृहस्थ शिष्य भी शामिल हुए। यहां उन्हें गोरक्षपीठाधीश्वर का आशीर्वाद भी मिला। उन्होंने ने कहा कि व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए। आशावादी लोग हमेशा सबसे कठिन समय में भी समाधान खोजने का प्रबंधन करते हैं।
गुरु पूर्णिमा पर मंदिर परिसर में सुरक्षा के काफी सख्त इंतजाम किए गए हैं। लेकिन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की गाड़ियों की पार्किंग के भी इंतजाम किए गए हैं। गुरु परंपरा के लिए नाथ पंथ की विश्व प्रसिद्ध गोरक्षपीठ बेमिसाल है। पीढ़ी दर पीढ़ी गोरक्षपीठाधीश्वरों ने अपने गुरु से प्राप्त लोक कल्याण की परंपरा को विस्तारित किया है। वर्तमान गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ इसे निरंतर ऊंचाई प्रदान कर रहे हैं।