ज्ञानवापी का सर्वे: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के ज्ञानवापी का सच सामने लाने के लिए अदालत के आदेश पर शनिवार सुबह आठ बजे से कमीशन की कार्यवाही शुरू होगी। वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर के सर्वे की कार्यवाही सभी पक्षों की मौजूदगी में शुरू होगी। सर्वे की कार्यवाही से पहले शुक्रवार को एसीपी चेतगंज कार्यालय में पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने अधिवक्ता आयुक्त की मौजूदगी में हिंदू व मुस्लिम पक्ष के बीच बैठक की।
इस दौरान उन्होंने सभी पक्षकारों से सर्वे में सहयोग करने और शहर में शांति और सौहार्द बनाये रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। इसके अलावा सर्वे के दौरान मौजूद रहने वाले व्यक्तियों की सूची केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) को भेज दी गई है।
सिविल जल सीनियर डिवीजन की अदालत के आदेश के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने धर्म गुरुओं और दोनों पक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि सभी पक्षकारों ने आश्वासन दिया है कि कमीशन की कार्रवाई में सहयोग किया जाएगा। डीएम ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे सर्वे कमीशन की कार्यवाही अधिवक्ता आयुक्त के द्वारा की जाएगी।