Happy Birthday Rahul Dravid: टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ 49 साल के हो चुके हैं।साल 1973 में आज के दिन ही उनका जन्म हुआ था। एक सामान्य परिवार में जन्में राहुल द्रविड़ ने क्रिकेट की दुनिया में बहुत ही असाधारण प्रदर्शन किया है। अक्टूबर 2005 में वे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में नियुक्त किये गए और सितम्बर 2007 में उन्होंने अपने इस पद से इस्तीफा दे दिया। सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर के बाद वे तीसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दस हज़ार से अधिक रन बनाये हैं।
14 फ़रवरी 2007 को, वे दुनिया के क्रिकेट इतिहास में छठे और भारत में सचिन तेंडुलकर और सौरव गांगुली के बाद तीसरे खिलाड़ी बन गए जब उन्होंने एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दस हज़ार रन का स्कोर बनाया, पहले एक बल्लेबाज के रूप में उन्होंने कई कमाल किए और फिर कोच के रूप में भी वो सुपरहिट रहे हैं। द्रविड़ कोच रहते भारत ने अंडर-19 विश्वकप जीता और अगले साल भी उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी।
उनके जन्मदिन के मौके पर ही टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच खेलेगी। केपटाउन के मैदान पर भारतीय टीम जीत के साथ द्रविड़ को जन्मदिन का तोहफा देना चाहेगी। इस सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं और तीसरा मैच जीतने वाली टीम ही सारीज अपने नाम करेगी। दक्षिण अफ्रीका की धरती पर भारत अब तक कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी अपने कोच का यह जन्मदिन बेहद खास बनाना चाहेंगे।
द्रविड़ ने भी बल्लेबाज के रूप में कई बेहतरीन पारियां खेली हैं राहुल द्रविड़ ने अपने अंतरराष्ट्रीय कैरियर में 164 टेस्ट और 344 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने दोनों फॉर्मेट में 10 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने भारत की कप्तानी भी की है और जरूरत पड़ने पर विकेटकीपर भी बने हैं। द्रविड़ ने एक बार खुलासा किया था कि वो कभी भी विकेटकीपिंग और कप्तानी नहीं करना चाहते थे, लेकिन टीम ने उनसे दोनों काम करवाए। भारत के लिए भी द्रविड़ कोच के रूप में कमाल कर रहे हैं। लोकेश राहुल से लेकर मयंक अग्रवाल और विराट कोहली तक सभी भारतीय खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के मुरीद हैं।