भयंकर बारिश: देश के तमाम राज्योंं में भयंकर बारिश का कहर जारी है। बाढ़ और जलभराव की मुसीबत के बीच जमीन खिसकने से चौतरफा मार पड़ी है, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मानसून ने बेहाल कर रखा है l महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है।
मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समेत महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, रत्नागिरि, कोल्हापुर, रायगढ़, अमरावति, सतारा, सिंधुदुर्ग और ठाणे में रेड अलर्ट जारी किया है। नासिक और पुणे में भी भारी वर्षा हो सकती है।
पालघर में भारी बारिश के कारण मकान पर चट्टान गिरने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। उधर, गढ़चिरौली जिले में 19 गांवों के करीब 2000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। जिले में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के अंदर 97 मिली मीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य में गोदावरी, कालेश्वरम और इंद्रावती सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुंबई-अहमदाबाद के व्यस्त राजमार्ग पर कई पेड़ गिर गए हैं, जहां पाइपलाइन का काम चल रहा था।
पालघर के वासी में लगातार हो रही बारिश के कारण सुबह 6:30 बजे पहाड़ी से एक चट्टान के मकान पर गिरने से पिता और पुत्री की मौत हो गई, वहीं परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुणे में भारी बारिश जारी है।
