उत्तर प्रदेश चुनाव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नवरात्रों के दौरान बड़ी रैली कर अपना इरादा साफ कर चुकीं प्रियंका गांधी, अब 31 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के किले गोरखपुर में डंका बजाने की तैयारी कर रही हैं। अब प्रियंका गांधी अपनी पूरी ताकत के साथ उत्तर प्रदेश के राजनीतिक मैदान में डट गई हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की शहादत के दिन गोरखपुर में दो लाख से ज्यादा लोगों की विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं की होने की उम्मीद है। प्रियंका की योगी के किले को महिला शक्ति से भेदने की तैयारी है। पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं। पार्टी के एक नेता के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी आज भी महिला शक्ति की बड़ी प्रतीक मानी जाती हैं। प्रियंका गांधी ने महिलाओं को टिकट बंटवारे में 40 फीसदी हिस्सेदारी देने की घोषणा कर रखी है।
दरअसल, पूर्वांचल में उत्तर प्रदेश विधानसभा की लगभग 125 सीटें आती हैं। यदि कोई राजनीतिक दल इस इलाके में अपनी पैठ मजबूत कर लेता है तो वह यूपी की बड़ी सियासी ताकत बन सकता है। यही कारण है कि कांग्रेस ने पूरी रणनीति के अंतर्गत यूपी के पूर्वांचल के हिस्से को अपनी चुनावी अभियान के केंद्र में रखा है। इसी रणनीति के अंतर्गत सबसे पहले प्रियंका गांधी की काशी में रैली आयोजित की गई, तो अब गोरखपुर में रैली आयोजित करने की तैयारी है। इसके कुछ समय बाद प्रयागराज में भी रैली आयोजित की जाएगी।
