महराजगंज: तहसील निचलौल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने संयुक्त रूप से आम जनता की शिकायतें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने खासतौर पर भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर गंभीरता दिखाई। जनपद में पहले से गठित भूमि विवाद सेल के माध्यम से राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर शिकायतों का निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का समाधान उच्च स्तर पर किया जाना है, उन्हें संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट के साथ भेजने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
इसके अलावा, सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की तहसीलों में उपजिलाधिकारियों के साथ मौजूद रहे और शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी संतोष शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ।