मुरादाबाद: गुरुवार को मुरादाबाद में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ मानहानि में परिवाद दायर किया गया है। अब फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिन पहले अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किए थे। इसे लेकर उन्होंने अफवाह बताते हुए केस के वादी एवं इवेंट मैनेजर को अपशब्द बोले थे। अब उनके खिलाफ मानहानि का परिवाद भी दायर करा दिया गया है, जिसकी सुनवाई चार अप्रैल को होगी।
कटघर थानाक्षेत्र के शिवपूरी निवासी प्रमोद शर्मा इवेंट मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि वे कार्यक्रमों का आयोजन कराते हैं, जिसमें फिल्मी हस्तियों को भी बुलाते हैं। सोनाक्षी सिन्हा से भी एक कार्यक्रम के लिए अनुबंध किया था। यह कार्यक्रम दिल्ली में दिनाक 30 सितंबर 2018 होना था, लेकिन अंत समय में सोनाक्षी सिन्हा और उनके सलाहकार ने आने के लिए मना कर दिया था। जबकि इन्होंने अपनी पूरी फीस प्रमोद शर्मा से ले ली थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद थाना कटघर में 22 फरवरी 2019 को मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मुकदमे की सुनवाई अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट स्मिता गोस्वामी की अदालत में की जा रही है। मुकदमे में सोनाक्षी सिन्हा व उनके सलाहकार अभिषेक सिन्हा के खिलाफ मुकदमे में हाजिर न होने के कारण जमानती वारंट जारी कर दिए थे। इसके बाद सोनाक्षी सिन्हा ने मुंबई में प्रेस कान्फ्रेंस कर प्रमोद शर्मा के लिए अपशब्द कहे थे।