यूपी: उत्तर प्रदेश में ट्रांसफर को लेकर काफी विवाद चल रहा है, यूपी सरकार पहले स्वास्थ्य विभाग फिर लोक निर्माण विभाग और फिर जलशक्ति विभाग में तबादलों में हुए भ्रष्टाचार को लेकर सवालों को घेरे में है। उत्तर प्रदेश में ट्रांसफर को लेकर चल रहे विवाद में अब एक और मंत्री की एंट्री हो गई है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री व बीजेपी के सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भी नौकरशाही को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
दिनेश खटीक का लेटर वायरल होने के बाद संजय निषाद ने अपने विभाग के सारे ट्रांसफर निरस्त कर दिए हैं। उन्होंने नए सिरे से तबादला करने की बात कही है। डॉ. संजय निषाद ने तबादलों के खेल की आशंका पर मत्स्य विकास विभाग के अफसरों के तबादले निरस्त कर दिए हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि कुछ अफसरों को स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलें थीं जिससे यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार में कुछ अधिकारी पंजे, हाथी और साइकिल वाले मौजूद हैं। ऐसे लोगों को समय-समय पर चिह्नित किया जाता है। इससे जनप्रतिनिधियों को मुश्किल होती है। डॉ. निषाद ने कहा कि हमारे विभाग में तबादले ट्रांसफर पॉलिसी के अनुसार ही किए जा रहे हैं।