शपथ ग्रहण समारोह: यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की 273 की प्रचंड जीत के बाद प्रदेश में दोबारा भाजपा सरकार बन गयी है, 25 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, उसके साक्षी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच उप मुख्यमंत्री भी बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में योग गुरु बाबा रामदेव, विभिन्न मठों और मंदिरों के महंत भी मौजूद रहेंगे। यूपी में उद्योग स्थापित करने वाले और उद्योग संचालित करने वाले सभी प्रमुख उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए दूसरे प्रदेशों से आए ढाई हजार कार्यकर्ताओं को भी समारोह के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। उनके आने-जाने के साथ उनके आवास की व्यवस्था भी की जाएगी। भाजपा के लखनऊ प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि समारोह के लिए लखनऊ के 130 चौराहों पर सजावट और प्रमुख मार्गों पर लाइटिंग की जा रही है। वहीं, अमौसी एयरपोर्ट से इकाना स्टेडियम और स्टेडियम से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक मार्ग को पार्टी के झंडे, बैनर, फूल मालाओं से सजाया जाएगा।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय से अतिथियों को फोन कर आमंत्रित करने का सिलसिला शुरू हो गया। विपक्षी दलों के नेताओं को भी फोन कर शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई ने बताया कि गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, मणिपुर और गोवा के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बिहार, नागालैंड, मेघालय और पुंडुचेरी में भाजपा के समर्थन से चल रही सरकारों के मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण दिया है। वहीं, शासन की ओर से भाजपा शासित राज्यों के अलावा सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जा रहा है।
