लोकसभा चुनाव 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सभी दलों तैयारियों को लेकर सिलसिला तेज हो रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी में सभी 80 सीटों पर जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा उत्तर प्रदेश में सहयोगी दलों को छह सीटें दे सकती है। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से ही चुनाव लड़ेंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की हुई बैठक में इस पर चर्चा हुई। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। जल्द की इसकी घोषणा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा यूपी में रालोद को दो सीटें, अपना दल को दो सीटें, निषाद पार्टी को एक सीट और राजभर की पार्टी सुभासपा को एक सीट दे सकती है। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का लखनऊ से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पूर्व प्रधानमंत्री निवास पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की करीब छह घंटे तक चली बैठक में 21 राज्यों की 300 सीटों पर उम्मीदवारो का पैनल तैयार कर लिया गया है। भाजपा के इस बैठक में अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले शुक्रवार या शनिवार को सौ से अधिक उम्मीदवारों की सूची और 10 मार्च तक करीब 250 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे।