लोकसभा चुनाव: उत्तर प्रदेश में चार चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। प्रदेश में बचे हुए तीन चरणों के लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। विभिन्न पार्टियों के बड़े नेताओं ने चुनाव दंगल के उतरना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही जमीनी स्तर पर चुनावी गतिविधियां बढ़ गई हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस व सपा नेताओं की लगातार संयुक्त सभाएं हो रही हैं। वहीं इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के संयुक्त कार्यक्रम भी तय हो रहे हैं। वही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी विपक्ष के सभी बड़े नेताओं के साथ प्रेस कांफ्रेंस करने की योजना बना चुके हैं।
इसी क्रम में गठबंधन को मजबूती देने के लिए आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आ रहे हैं। अरविंद केजरीवाल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुनावी रणनीति तय करेंगे और उनके साथ पार्टी कार्यालय पर संयुक्त प्रेसवार्ता भी करेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी। इस लोकसभा चुनाव में केजरीवाल पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं।
हाल ही में जेल से अंतरिम बेल पर बाहर आए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भाजपा और पीएम मोदी पर हमलावर हैं। ऐसे में वह संयुक्त प्रेसवार्ता में भी भाजपा पर निशाना साधेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार आगे प्रदेश में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए केजरीवाल की सभाएं व रोड शो भी प्रस्तावित किया जाएगा।
आप पार्टी उत्तर प्रदेश में भले ही चुनाव न लड़ रही हो लेकिन वह इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रही है। पिछले दिनों जेल से बाहर आए आप सांसद व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी इंडिया गठबंधन के लिए कई सभाएं व प्रचार किया है। अरविंद केजरीवाल 17 मई को राहुल गांधी के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस करने वाले हैं।
