एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेस एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के पास दो बुलडोजर हैं। एक से सड़क बनाने का काम किया जाता है तो दूसरे से मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफिया की अपराध से जुड़ी हुई संपत्ति को नष्ट किया जा रहा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वोट डालने से पहले जरूर सोचना, पिछली सरकारों में बेटा जब तक पढ़कर घर नहीं आ जाता था, तब दरवाजे पर बैठकर मां इंतजार करती थी। व्यापारी दुकान बंद करके जब तक घर नहीं पहुंचता था, पत्नी को चिंता रहती थी। किसान खेतों में रात को पानी नहीं लगाता था, पता नहीं कब अलीगंज और पटियाली की कटरी में अपहरण करके ले जाया जाए।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में आगरा के डॉक्टरों ने मॉर्निंग वॉक बंद कर दी थी कि कहीं भूरा यादव डाकू न आ जाए। योगी सरकार में स्वर्ण युग है और गुप्त काल में सूर्य युग था। प्रदेश सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाएं चुनाव में जीत दिलाएंगी। समय कम मिला है योगी को बुलडोजर और चलाना है, इसलिए वोट सोच-समझकर देना है।