Uttar Pradesh

यूपी: यूपी में नौतपा के तीसरे दिन पारा 48.1 डिग्री पहुंचा, अब तक गर्मी से 6 लोगों की मौत

यूपी का मौसम: उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में प्रचंड गर्मी ने लोगों का पसीना निकालकर रख दिया है। कई जगह तो हालात इतने बदतर हैं कि तापमान भी 48 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जो हर किसी को परेशान करने के लिए काफी है। यूपी में नौतपा के तीसरे दिन मई के महीने में प्रदेश में झांसी सबसे गर्म रहा, यहां का पारा 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां इतना पारा 132 साल पहले दर्ज किया गया था। वहीं, आगरा में गर्मी ने पिछले 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां का पारा सोमवार को 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर था। इससे पहले 27 मई 1998 में आगरा का अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।

47 डिग्री के साथ मथुरा-वृंदावन व एटा दूसरे स्थान पर रहे।  कासगंज में 45.6 डिग्री, फिरोजाबाद में 45 व मैनपुरी का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा। तपते बुदेलखंड में भीषण गर्मी की चपेट में आकर छह लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन चित्रकूट, दो महोबा और एक-एक हमीरपुर और औरैया के हैं। रातें भी गर्म हैं। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार हो गया। हरदोई, लखीमपुर खीरी, वाराणसी बहराइच, प्रयागराज और लखनऊ में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री से 31.8 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई तक फिलहाल मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा, 30 मई से तापमान में बदलाव शुरू होगा।

इन जिलों के लिए रेड अलर्ट: गाजियाबाद, गौतमबद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाके में भीषण लू चलने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो यूपी की राजधानी लखनऊ समेत आगरा, अलीगढ़, इटावा, फ़िरोजाबाद, गौतम बुद्ध नगर, गाज़ियाबाद, जालौन, झाँसी, ललितपुर एवं मथुरा में कई स्थानों पर आगामी 24-48 घंटों के दौरान भीषण लू चलने की आशंका है। फिलहाल उत्तर प्रदेश में करीब एक हफ्ते से चिलचिलाती गर्मी और हीटवेव ने लोगों के होश उड़ा रखे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top