काशी विश्वनाथ धाम: वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के नए अवतार में आने के बाद देश और दुनिया के शिव भक्तों की संख्या काशी में लगातार बढ़ती ही जा रही है, अब काशी पुराधिपति महादेव का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु अब मोबाइल और अपने सामान के साथ ही धाम में प्रवेश करेंगे। काशी विश्वनाथ धाम में बने यात्री सुविधा केंद्र में उनके सामान व मोबाइल को रखने की व्यवस्था होगी। इसके लिए मुख्य द्वार पर बैग स्कैनिंग की व्यवस्था होगी और इसके बाद बाद भक्त बिना जांच के ही काशी विश्वनाथ धाम तक निर्बाध तरीके से पहुंच पाएंगे।
काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि काशी विश्वनाथ के दर्शन करने आने वाले भक्तों को मोबाइल के साथ प्रवेश दिया जाए। धाम परिसर में दुकानों के आवंटन के साथ ही यहां डिजिटल पेमेंट सहित अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। पावन मास सावन में उमड़ने वाले भक्तों की सहूलियत के लिए जुलाई में सुरक्षा समिति की बैठक जुलाई के पहले सप्ताह में दोबारा होगी।
धाम परिसर की सुरक्षा की कार्ययोजना तैयार कर रही सीआईएसएफ एयरपोर्ट की तर्ज पर प्रवेश की रिपोर्ट तैयार कर रही है। इसमें फेस रिकगनाइज कैमरे से व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जाएगी, इसके लिए भक्त को अपना पहचान पत्र भी दिखाना होगा। इसके बाद उसके बैग की जांच के बाद उसे अंदर भेजा जाएगा। यहां के बाद यात्री सुविधा केंद्र में जांच की व्यवस्था होगी और सबसे अंतिम में मंदिर परिसर में जांच कर उन्हें बाबा के दरबार में दर्शन के लिए भेजा जाएगा।