इंदौर: इंदौर मे खाद्य विभाग में जूनियर सप्लाई ऑफिसर धर्मेन्द्र शर्मा को लोकायुक्त पुलिस ने 15 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। धर्मेन्द्र शर्मा राशन की दुकान चलाने वाले अमित कलसी को धमका रहा था। सोमवार को जब धर्मेन्द्र शर्मा अपने आवासा लग्जरी रेसीडेंसी के बाहर रिश्वत ले रहा था, तब लोकायुक्त पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित कलसी की अहीरखेड़ी महिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, ग्राम बांक, चंदननगर में राशन दुकान है। धर्मेन्द्र ने उसकी राशन दुकान में अनियमितताओं का हवाला देकर वैधानिक कार्यवाही करने की धमकी दी। ऐसा न करने के बदले में आरोपी ने 15 हजार रुपए हर महीने रिश्वत देने की मांग की थी।
अमित ने 2 नवंबर को लोकायुक्त एसपी को धर्मेन्द्र की शिकायत की। तब तय किया गया कि अमित 15 हजार रुपए की रिश्वत धर्मेन्द्र को देगा। जाल बिछाया गया और सोमवार धर्मेन्द्र को उसके घर के पास बगीचे में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित) 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।