महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नौतनवां पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने 15 बोरी तुर्की मकई बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नौतनवां के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष नौतनवां पुरुषोत्तम राव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को अपराह्न 3:50 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पिपरहवा पाट मुड़िला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 15 बोरी तुर्की मकई बरामद की गई।
पकड़े गए अभियुक्त के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 111 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे अग्रिम विधिक कार्यवाही के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवां भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुनील कुमार पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद निवासी वार्ड संख्या 02, हनुमत नगर, पीपीगंज थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। अभियुक्त की उम्र लगभग 49 वर्ष बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना नौतनवां पुलिस से उप निरीक्षक संजय कुमार और कांस्टेबल जितेन्द्र गिरी शामिल रहे, जबकि एसएसबी टीम में उप निरीक्षक मनोहर लाल, हेड कांस्टेबल मारुतिनन्दन और कांस्टेबल रितेश कुमार सिंह मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
