







महराजगंज। न्यायालय परिसर महराजगंज में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य और गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री विवेक वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने लोक अदालत के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार विशेष जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके माध्यम से लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके जरिए मामलों के त्वरित निस्तारण की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने न्यायालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आम लोगों को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी महराजगंज, पुलिस अधीक्षक महराजगंज, जिला न्यायाधीश, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाता है, जिससे लोगों को लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है और गरीब तथा आमजन को त्वरित न्याय मिल पाता है। इस पहल से जिले में न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सरल और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।