काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 साल 9 माह बाद 13 दिसंबर को बाबा के धाम का लोकार्पण करेंगे। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकापर्ण के साथ ही पूरे प्रदेश में दीपावली जैसा माहौल होगा। देवाधिदेव महादेव का भव्य दरबार भक्तों को समर्पित होने से पहले पूरी काशी मंत्रोच्चार और शंखनाद से गूंज उठेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्रूज से उतरकर हाथों में गंगाजल का कलश लेते ही घाट से लेकर गर्भगृह तक मौजूद बटुक व अर्चक रुद्री पाठ आरंभ कर देंगे। इसके साथ ही एलइडी के जरिए जुड़े काशी के सभी मठ, मंदिर व शिवालयों में शंखनाद व रुद्री पाठ शुरू हो जाएगा। पीएम के यजमान बनने से लेकर अनुष्ठान तक पूरी काशी मंत्रों से अभिसिंचित होती रहेगी। अयोध्या, मथुरा सहित प्रदेश भर के 27 हजार से ज्यादा मंदिरों को इस शृंखला से जोड़ा जा रहा है।
काशी विश्वनाथ धाम में पीएम की अगवानी डमरू दल करेगा। सुनहरी और नीली रोशनी से दमकते धाम के लोकार्पण समारोह की भव्यता देश ही नहीं पूरी दुनिया के सनातनधर्मी देखेंगे। शिव के पंचाक्षरी मंत्र के साथ ही रुद्री का अनवरत पाठ शिवभक्तों पर शिवकृपा बरसाएगा।
शहर भर में मंदिर परिसर से लेकर एक हजार स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है। जिस पर लोकार्पण समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या और मथुरा के अलावा देश भर के शिव मंदिरों में आयोजन की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। पीएम के धाम में प्रवेश करते ही मंत्रोच्चार और शंखनाद से देश भर के शिवालय गूंज उठेंगे।
पीएम ललिता घाट से हाथों में गंगाजल का कलश लेकर गर्भगृह तक पहुंचेंगे। पूजन-अर्चन के बाद पहले पंचामृत फिर विभिन्न नदियों के पवित्र जल से बाबा का अभिषेक करेंगे। चन्दन, विभूति, भस्म, माला, फूल, बेलपत्र, दूर्वा इत्यादि बाबा को समर्पित करने के बाद आरती उतारेंगे।