लता मंगेशकर: देशभर में तेजी से फैलते कोरोना संक्रमण के मामलों में महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा प्रभावित मुंबई है। हाल ही में कई बॉलीवुड सेलेब्स भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। इन सेलेब्स की लिस्ट में अब महान गायिका लता मंगेशकर भी शामिल हो गई हैं। मशहूर गायिका लता मंगेशकर को कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
अब उनकी भतीजी रचना शाह ने 92 वर्षीय लता मंगेशकर के प्रशंसकों के लिए हेल्थ अपडेट जारी किया है। लता की भतीजी रचना शाह ने बताया कि लता दीदी की हालात अब स्थिर है, वह ठीक हो रही हैं। फिलहाल ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। उनकी उम्र के कारण भी कई अन्य समस्याएं हैं, जिसके चलते डॉक्टर उनका खास ख्याल रख रहें हैं। इसलिए वह अगले कुछ दिन और हॉस्पिटल में रह सकती हैं।
भगवान वास्तव में दयालु हैं। वह एक फाइटर हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि वह कोरोना से जीतकर जल्द ही घर आ जाएंगी। मैं उनके सभी प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की है। जब इतने लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं, तो उनके साथ कुछ गलत हो ही नहीं सकता।
ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीक समदानी ने कहा कि लता दीदी के लिए सबसे अच्छे डॉक्टर्स की टीम तैयार की गई है और वही उनका इलाज कर रहे हैं। भले ही वह ठीक हो रही हैं, लेकिन उसके परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया जा सकता है। वह कोरोना के साथ-साथ निमोनिया से भी पीड़ित हैं। इसलिए अभी उन्हें 10-12 दिन आईसीयू में डॉक्टर्स की निगरानी में रखा जाएगा।