महराजगंज (घुघली): थाना क्षेत्र के पकड़िया बिशनपुर कोटिया गांव में शुक्रवार रात एक तेंदुए के घुस आने से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने गांव के एक मुर्गी फार्म में घुसकर पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। हमले के बाद तेंदुआ फार्म के एक कमरे में फंस गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
ग्राम सभा कोटिया निवासी धनंजय यादव ने बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी। शुक्रवार रात (20 मार्च) तेंदुआ उनके मुर्गी फार्म में घुस आया और वहां मौजूद कुत्ते पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह इलाका काफी सक्रिय रहता है जहां लोग लगातार आते-जाते हैं। छोटे बच्चे भी आसपास बकरियां और भैंस चराने पहुंचते हैं। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। फिलहाल तेंदुआ कमरे में कैद है, लेकिन लोगों में डर बना हुआ है।
ग्रामीणों की मांग:
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
