मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश में लंबे समय से अपनी-अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे चयनित शिक्षकों के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। अगले महीने 4 सितंबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के 18 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से जंबूरी मैदान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सांकेतिक रूप से शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को शिक्षा भी मिलेगी और उनको रोजगार से भी जोड़ा जाएगा। सरकार नौकरी और स्वरोजगार को लेकर गंभीर है। इसके लिए कई स्तर पर काम किए जा रहे है।
प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव है। विपक्ष बेरोजगारी को मुद्दा बना रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक साल में 1 लाख युवाओं को नौकरी देने का ऐलान किया है। ऐसे में सरकार विभागों में खाली पदों की जानकारी जुटा रही है। अब तक 21 विभागों में 93 हजार 681 पद खाली होने की जानकारी मिली है।
