महराजगंज पुलिस ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सदस्य आम लोगों को सरकारी योजना का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और फिर इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगाने में किया जाता था।
जांच में सामने आया है कि ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों की पूरी किट, जिसमें पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड शामिल थे, उन्हें अन्य राज्यों में संचालित कॉल सेंटरों तक भेजा जाता था। वहीं से साइबर ठगी की पूरी साजिश को अंजाम दिया जा रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बड़ी संख्या में बैंक खाते, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से लंबे समय से साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था।
मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
