महाराष्ट्र: मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की हाल ही में मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में सफल सर्वाइकल स्पाइन सर्जरी की गई थी। इसके बाद अब उनकी फिजियोथेरेपी की जा रही है। ठाकरे की सर्वाइकल स्पाइन सर्जरी इस महीने की शुरुआत में की गई थी।
इस बीच मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि ठाकरे की स्थिति वर्तमान में बहुत स्थिर है और उन्हें उचित समय पर अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। मुख्यमंत्री की रीढ़ की सफल सर्जरी हुई है। अब अस्पताल में उनकी फिजियोथेरेपी चल रही है। उनकी सेहत स्थिर बनी हुई है। उन्हें अभी कुछ दिन अस्पताल में ही गुजारने होंगे। तय समय पर ही उन्हें छुट्टी दी जाएगी।
इससे पहले उद्धव ठाकरे को गर्दन में दर्द बढ़ने पर डॉक्टरों की सलाह पर 10 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ठाकरे की 12 नवंबर को सर्जरी हुई थी। इस महीने की शुरुआत में वह सर्वाइकल कॉलर पहनकर एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
