भारी वर्षा: देश के तमाम राज्योंं में भयंकर बारिश का कहर जारी है। बाढ़ और जलभराव की मुसीबत के बीच जमीन खिसकने से चौतरफा मार पड़ी है, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मानसून ने बेहाल कर रखा है l महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। इसी क्रम में गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश का सिलसिला लगातार बृहस्पतिवार को भी जारी रहा।
गुजरात के नवसारी जिले में कई जगह घुटनों तक पानी भरा रहा। साथ ही आपदा की कई घटनाएं भी हुईं। अहमदाबाद में बाउंड्री की दीवार गिरने से 16 वर्षीय किशोरी व दो महिला श्रमिकों की मौत हो गई। वहीं, महाराष्ट्र के पुणे में एक मकान ढह गया, जिसके नीचे दबे 11 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उनकी टीम लगातार बारिश के हालात पर नजर बनाए हुए हैं और राहत कार्य की समीक्षा कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने गुजरात के कई इलाकों खासतौर से उत्तरी, दक्षिणी व सौराष्ट्र में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। लगातार झमाझम बारिश के कारण पूर्णा और अंबिका नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। नवसारी शहर के अलावा बिलिमोड़ा व अन्य इलाकों में घुटनों तक पानी है। वंसदा तालुका में बीते 24 घंटे में 394 एमएम बारिश दर्ज की गई। एनडीआरएफ ने तापी और वडोदरा जिले में सुबह 45 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इनमें 18 बच्चे और दो मरीज भी शामिल हैं।
गढ़चिरौली में बारिश से प्रभावित 29 गांवों से 3000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मौसम विभाग ने जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। जिले की गोदावरी, कालेश्वरम और इंद्रावती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। नदियों के पास के इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।