पीलीभीत: पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी अपनी ही सरकार के कामकाज को सवालों के घेरे में लेते रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने पुरानी पेंशन की मांग को जायज ठहराया है। इस मांग को मानवीयता से जुड़ा हुआ बताया है। सांसद ने इससे पहले निजीकरण के सवाल पर कई बार अपनी ही सरकार को सवालों से घेरा है। उन्होंने रिक्त पड़े सरकारी पदों पर भर्ती न किए जाने का मुद्दा भी उठाया है।
सांसद ने कहा है कि देश के 76 लाख सरकारी कर्मचारी अपनी वृद्धावस्था में आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने वाली पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए आंदोलन की राह पर हैं। वह इस मांग को न्यायपूर्ण एवं मानवीय मांग मानते हैं।
इंडियन पब्लिक सर्विस इंप्लाइज फेडरेशन (इप्सेफ) की ओर से पुरानी पेंशन बहाली के लिए चलाई जा रही मुहिम का भाजपा सांसद वरुण गांधी ने समर्थन किया है। इप्सेफ के मांग पत्र पर उन्होंने कहा है कि वे प्रधानमंत्री के सामने यह मुद्दा उठाएंगे। इप्सेफ के राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद ने बताया कि सांसद ने कहा है कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों के लिए जरूरी है।