लखनऊ: उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री और देश के रक्षामंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को 83वां जन्मदिन मना रहे है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने अपने जन्मदिन पर लखनऊ में पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में मुलायम सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर मुलायम ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जन्मदिन मनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नौजवानों में जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है। यह जोश परिवर्तन की क्रांति लाएगा। समाजवादी पार्टी परिवर्तन की राजनीति कर रही है।
उनके जन्मदिन पर सपा मुख्यालय समेत सभी जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, प्रोफेसर रामगोपाल, समेत सपा के तमाम नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे। सपा कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन पर 83-83 किलो के दो और 51 किलो का एक लड्डू वितरण कराया। उधर, शिवपाल सैफई में है तो उनके गठबंधन की संभावना भी अब कम नजर आ रही है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जन्मदिन समारोह से अभिभूत हूं। लेकिन जिस दिन हर गरीब का जन्मदिन मनने लगेगा उस दिन खुशी होगी। हमे उस दिन का इंतजार है। देश के नौजवान आगे बढ़े और व्यवस्था परिवर्तन करें। युवाओं के दम पर ही व्यवस्था परिवर्तन की राजनीति होगी।
