नई दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यंत्री चंद्रशेखर राव अपने दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली आए हुए हैं। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शनिवार को नई दिल्ली में एक बैठक की। राष्ट्रपति चुनाव से पहले यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। 2024 के आम चुनाव पर भी बैठक में चर्चा हुई।
डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में देश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। अखिलेश यादव और राव की यह बैठक मुख्यमंत्री के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर हुई। तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
इस बैठक को कई मायनों में अहम बताया जा रहा है। गौरतलब है कि राव भाजपा विरोधी गठबंधन बनाने की कोशिश में है। कांग्रेस को छोड़कर सभी समान विचारधार के दलों को वे साथ लाने का प्रयास कर रहे हैं।