सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अलग ही खुलासा हुआ है। इस हत्याकांड को अनुराग के बड़े भाई अजीत सिंह ने ही अंजाम दिया था। तफ्तीश में तथ्य उजागर हुए हैं कि संपत्ति विवाद में अनुराग, उसकी पत्नी प्रियंका व तीन मासूमों के साथ मां सावित्री की भी हत्या कर दी। हालांकि अभी जांच में कुछ और चीजें भी सामने आ सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार पल्हापुर गांव में मां, पत्नी और अपने तीन बच्चों की हत्या अनुराग सिंह ने नहीं, बल्कि उसके बड़े भाई अजीत सिंह ने की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनुराग के सिर में दो गोलियां लगने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने अजीत से कड़ाई से पूछताछ की। अनुराग के ताऊ, बड़े भाई अजीत, उसकी पत्नी और दो नौकरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कुछ देर बाद अजीत टूट गया और उसने सच बयां कर दिया।
अजित ने परिवार के सभी छह लोगों की हत्या की बात कबूल कर ली। तफ्तीश में तथ्य उजागर हुए हैं कि संपत्ति विवाद में अनुराग, उसकी पत्नी प्रियंका व तीन मासूमों के साथ मां सावित्री की भी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, अजीत ने माना है कि उसने पहले अनुराग को मारा, उसके बाद मां और फिर अनुराग की पत्नी प्रियंका को गोली मारी। इस बीच बड़ी बेटी के जगने पर उसे भी गोली मार दी। इसके बाद सो रहे अनुराग के दो बच्चों को छत से नीचे फेंक दिया।
इससे पहले पुलिस ने अजीत और अन्य परिजनों के हवाले से बताया था कि शनिवार तड़के परिवार के पांच लोगों की हत्या कर अनुराग ने खुदकुशी कर ली। अनुराग को नशे का आदी और मानसिक रोगी भी बताया गया था।
