महराजगंज। जिले में चल रहे महराजगंज महोत्सव के प्रथम दिन का माहौल पूरी तरह से संगीत और उत्साह से सराबोर रहा। मशहूर रॉक बैंड यूफोरिया (Euphoria) ने अपने ऊर्जा से भरपूर और जोशिले प्रदर्शन से ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
मुख्य मंच पर जब यूफोरिया बैंड के लीड सिंगर डॉ. पालाश सेन ने “माएरी”, “धूम पिचक धूम”, और “अब न चले ये हवाएं” जैसे हिट गाने गुनगुनाए, तो पूरा मैदान तालियों और मोबाइल फ्लैशलाइट्स से जगमग हो उठा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, सभी संगीत की इस जादुई शाम में खो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महोत्सव के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी महराजगंज और महराजगंज पुलिस के सहयोग से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि “महराजगंज महोत्सव का उद्देश्य जिले की सांस्कृतिक, कलात्मक और सामाजिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना है। यूफोरिया जैसे प्रसिद्ध बैंड का प्रदर्शन इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाता है।”
पहले दिन की इस शानदार शुरुआत ने महोत्सव के अगले दिनों के लिए उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें दूसरे दिन के कार्यक्रमों पर टिकी हैं, जब स्थानीय कलाकारों और अन्य नामचीन परफॉर्मर्स की प्रस्तुति होने वाली है।




