यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के छठे चरण के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के चाफ रायपट्टी में रोड शो के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। बवाल में दस लोग घायल हो गए। पथराव में सपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य की गाड़ी समेत 20 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय मौर्य अपने वाहन में नहीं थे। बाद में वे पुत्री व बदायूं की सांसद संघमित्रा मौर्य के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पिता-पुत्री के साथ अभद्रता हुई। दोनों पक्षों ने विशुनपुरा थाने में तहरीर दी है।
मारपीट के बाद नाराज लोगों ने गोड़रिया और तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के नोनियापट्टी में सड़क जाम कर दी। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। एडीएम देवीदयाल वर्मा ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। बताया जा रहा है कि फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य समर्थकों के साथ रोड शो कर रहे थे। करीब तीन बजे वह चाफ रायपट्टी पहुंचे, तभी दूसरी तरफ से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र कुशवाहा के समर्थक वहां पहुंच गए।
स्वामी प्रसाद मौर्य की गाड़ी आगे निकल गई। तभी दोनों पार्टियों के समर्थकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। फिलहाल सपा के फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष हरिलाल यादव की तहरीर पर 18 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अखिलेश यादव ने इस घटना की निंदा की है।
अधिक जानकारी के लिए इस👇 लिंक पर जाएँ…
https://erranewsindia.com/up-election-2022-in-kushinagar-sp-bjp-supporters-ran-fiercely/
