खौफनाक: बच्चा बड़ा हो या छोटा, माँ हंसी के पीछे छिपे गम को भी झट से पहचान लेती है। आज यानी 8 मई को मां के इस प्यार और त्याग के प्रति प्यार जताने के लिए देशभर में मदर्स डे मनाया जा रहा है। इसी दिन आज यूपी के चंदौली जिले में मदर्स डे के दिन ही एक खौफनाक खबर आई है। यूपी के चंदौली जिले में अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 मुगलचक, अटकहवा मे मदर्स डे के दिन ही एक बेटे ने मां के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। इस घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। विश्व मातृ दिवस पर पुत्र की यह करतूत गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वार्ड निवासी मालती देवी (58) का रविवार दोपहर अपने पुत्र सीताराम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित पुत्र ने मां के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उसकी चीखपुकार पर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। आनन-फानन परिजनों महिला को अलीनगर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इधर आरोपी पुत्र सीताराम फरार है।