वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जुलाई में अपने संसदीय क्षेत्र बनारस आ सकते हैं। इसके मद्देनजर तैयारी की जा रही है। वाराणसी के लालपुर स्थित डॉ भीम राव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में 400 मीटर के सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण के बाद यहां पहली बार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि ट्रैक के निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। डी एरिया में थोड़े काम बाकी है। इसे एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके उद्धाटन की तैयारी पूरी हो चुकी है। संकुल में सिंथेटिक बास्केटबाल कोर्ट पहले ही तैयार हो चुका है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं।
क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि अगले माह प्रदेश स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के साथ ट्रैक खिलाड़ियों को समर्पित किया जाएगा। एक जुलाई नए सत्र की शुरुआत के बाद जिले पहली बार स्थापित एथलेटिक्स छात्रावास के खिलाड़ियों को सिंथेटिक ट्रैक की सौगात मिलेगी। करीब सात करोड़ रुपये की लागत से पांच साल में ट्रैक बन कर तैयार हो गया है।
निर्माण एजेंसी के परियोजना अधिकारी विजय जैन ने बताया कि ट्रैक के निर्माण कार्य 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। पांच प्रतिशत में सिर्फ फिनिशिंग का काम बाकी है, इसमें ट्रैक के किनारे जाली लगाने, रंगाई का काम और एक डी एरिया के काम मुख्य है इसे पांच जुलाई तक पूरा कर खेल विभाग को समर्पित कर दिया जाएगा। प्रदेश के पूर्व खेल मंत्री दिवंगत चेतन चौहान के प्रयास से वर्ष 2017 में सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण की कवायद शुरू हुई थी।