पश्चिम बंगाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद यह अमित शाह का पहला दौरा है। इसी बीच कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ता का शव मिलने से सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ता का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है।
मृतक की पहचान काशीपुर विधानसभा निवासी अर्जुन चौरसिया के रूप में हुई है। 27 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर भारतीय जनता पार्टी ने शोक व्यक्त किया है। पार्टी की ओर से बयान जारी कर बताया गया है कि कोलकाता में अमित शाह के स्वागत समारोह के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में रैलियां कर रहे हैं और टीएमसी व ममता बनर्जी पर निशाना साध रहे हैं। गुरुवार को सिलिगुड़ी रैली में उन्होंने एक बार फिर से सीएए लागू करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा, टीएमसी सीएए के बारे में अफवाहें फैला रही है कि इसे लागू नहीं किया जाएगा, लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि जैसे ही कोविड-19 की लहर समाप्त होगी, हम सीएए को जमीनी तौर पर लागू करेंगे। ममता दीदी घुसपैठ कराना चाहती हैं, लेकिन सीएए एक हकीकत था, है और रहेगा।
माना जा रहा है कि शाह पार्टी के आंतरिक अंसतोष को खत्म करने और खोई जमीन को फिर से हासिल करने की रणनीति तैयार करेंगे। विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाली तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के कई सांसदों और विधायकों में अपने पाले में कर लिया है। प्रदेश भाजपा नेता शाह के दौरे को पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला मान रही है।