लोकसभा चुनाव: लोकसभा चुनाव अब कुछ ही महीने शेष रह गए हैं। इसलिए लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है। अभी गठबंधन की तरफ से कुछ सीटों पर सहमति नहीं बनी है इसी क्रम में सहारनपुर लोकसभा सीट सपा पर रहेगी या फिर कांग्रेस पर, अभी गठबंधन की तरफ से इस पर फैसला नहीं लिया गया है,
लेकिन इस बीच पश्चिमी यूपी की सियासत में मुस्लिमों के कद्दावर नेता माने जाने वाले पूर्व विधायक इमरान मसूद ने स्पष्ट कर दिया कि वह हर हाल में चुनाव लड़ेंगे। इमरान ने कहा कि चुनाव को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। न केवल मुस्लिम समाज, बल्कि हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर काम कर रहे हैं। समर्थक चाहते हैं कि वह चुनाव लड़ें। उन्हें निराश नहीं किया जाएगा। अगर सपा के खाते में सहारनपुर लोकसभा सीट जाती है इस सवाल के जवाब में इमरान ने कहा कि वह समय बताएगा कि क्या होगा, लेकिन हम हर हाल में चुनाव लड़ेंगे। जिस तरीके से इमरान ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगे उसके पीछे कई अटकलें लगाई जा रही हैं।
बता दें, कि इमरान वर्ष 2007 में सहारनपुर जिले की मुजफ्फराबाद सीट (अब बेहट सीट) से निर्दलीय विधायक रह चुके हैं। वह सहारनपुर लोकसभा सीट से तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि जीत हासिल नहीं कर सके। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले जनवरी में इमरान ने कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे, लेकिन यहां पर टिकट नहीं मिलने के बाद इमरान ने सपा से भी अलविदा कह दिया था और बसपा में चले गए थे। कुछ माह पहले राहुल गांधी की तारीफ करने पर बसपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। इसके बाद वह दोबारा कांग्रेस में आ गए थे।
राजनीतिक दिग्गजों की मानें तो अगर सहारनपुर लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में जाती है तो अभी तक पूर्व विधायक इमरान मसूद की प्रबल दावेदारी मानी जा रही है। यदि सीट सपा के खाते में जाती है तो विधायक आशु मलिक, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, गंगोह विधानसभा प्रभारी चौधरी इंद्रसेन और कई अन्य के नाम चर्चाओं में हैं।