उज्जैन : देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 मई को उज्जैन आ रहे हैं। वे यहां बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने जाएंगे साथ ही कालिदास अकादमी के संकुल में होने वाले आयुर्वेद के महाअधिवेशन में शामिल होंगे। उनके आगमन की तैयारियां युद्धस्तर पर की गई हैं। पूरे शहर को सजाया गया है और महाकाल मंदिर में भी सजावट की गई है। गर्भगृह को मोगरे के फूलों से सजाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक 29 मई को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उज्जैन पहुंचेंगे। वे कालिदास अकादमी में अखिल भारतीय आयुर्वेद सम्मेलन में शामिल होंगे। करीब डेढ़ घंटे वहां रूकेंगे, इसके बाद भगवान महाकाल के दर्शन के लिए जाएंगे। यह जानकारी भी मिली है कि राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी भी रहेंगी।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आयुष मंत्री भारत सरकार सर्वानंद सोनवाल, आयुष मंत्री मध्य प्रदेश शासन रामकिशोर कावरे, उज्जैन के सांसद विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अधिकारियों द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे शहर को सजाया गया है। जहां से राष्ट्रपति निकलेंगे उस रोड को दोबारा बनाया गया है। साथ ही, रोड साइड के पेड़ों पर सुन्दर पेंटिंग कर उस पर सजावट की गई है। राष्ट्रपति के महाकाल दर्शन की व्यवस्था को लेकर भोपाल और उज्जैन के अधिकारी जुटे हुए हैं। राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुसार सारी व्यवस्थाएं की गई हैं।
