राष्ट्रपति चुनाव: चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, 18 जुलाई को देश के सर्वोच्च पद यानी राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को वोटिंग है। राष्ट्रपति चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी गतिविधियां भी बढ़ती जा रही हैं। विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि भाजपा ने उड़ीसा की आदिवासी महिला नेता और झारखंड की पूर्व गवर्नर द्रौपदी मुर्मू पर दांव खेला है।
इस बीच एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज यानी 24 जून 2022 को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। जानकारी के मुताबिक, वह 12 बजे संसद भवन में अपना नामांकन करेंगी।
इस दौरान उनके साथ पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। वहीं विपक्ष की ओर से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन कर सकते हैं। राष्ट्रपति पद का चुनाव 18 जुलाई को होगा। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अंतिम तिथि 29 जून है।