हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के निकटवर्ती गांव लाड़पुर में श्री तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी 25 जनवरी यानि आज से 2 फरवरी तक श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें धीरेंद्र शास्त्री बागेश्वर धाम सरकार, पंडोखर सरकार, बद्रीनाथ वाले महाराज, पूज्य शरणानंद जी महाराज, गुरु मां ऋतंभरा जी, ठाकुर जी महाराज, सुदामा कुटी के महाराज जी आदि आएंगे।
लाड़पुर में श्रीराम कथा महोत्सव के आयोजन के लिए 24 जनवरी देर रात तक गांव में इसके लिए तैयारियां की जाती रहीं। रामकथा की शुरुआत 1100 कलशों की यात्रा के साथ होगी। इस महोत्सव में मशहूर रामकथा मर्मज्ञ स्वामी रामभद्राचार्य रामकथा सुनाएंगे। दोपहर 11 बजे से कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। वहीं दोपहर तीन बजे से स्वामी रामभद्राचार्च के मुख से श्रीराम कथा का शुभारंभ किया जाएगा। श्रीराम कथा में हर रोज देश के बड़े संतों के भी दर्शन होंगे। 2 फरवरी तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में हर रोज दोपहर दो बजे से प्रवचन होंगे।
गांव लाड़पुर में इस महोत्सव के आयोजन के लिए 16 बीघा भूमि पर पंडाल बनाया गया है। इसमें लगभग चार हजार लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था की गई है। भगवा व सफेद रंग के इस पंडाल में वीवीआईपी के आगमन पर अलग से बैठने, वीआईपी व जरूरतमंद लोगों के लिए अलग से कुर्सियों पर बैठने की व्यवस्था की गई है। श्रद्वालुओं के लिए गद्दों पर मोटे कालीन बिछाकर व्यवस्था की गई है। लगभग 150 चौड़ाई व 300 फीट गहराई वाले टेंट में लगभग 60 फीट चौड़ा व 40 फीट गहरा मंच तैयार किया गया है।