गणतंत्र दिवस 2022: इस बार 26 जनवरी को बहुत कुछ ऐसा होगा जो पहली बार हो रहा होगा। इस बार होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में बहुत कुछ खास होगा। अब तक के सबसे भव्य फ्लाई पास्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें भारतीय वायु सेना के 75 विमान हिस्सा लेंगे। 75 मीटर लंबाई की 10 स्क्रॉल भी पहली बार परेड का हिस्सा होंगे। गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर आयोजित परेड में देश के विभिन्न राज्यों की झांकियां निकलती हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस के जश्न का नजारा कुछ खास होगा। क्योंकि इस बार गणतंत्र दिवस परेड में कुछ चीजें पहली बार दिखाई देंगी और कुछ परंपराओं में बदलाव दिखाई देंगे। इस खास मौके दिल्ली में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। देश इस बार आजादी के 75 साल भी पूरे कर रहा है। जिसे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसकी झलक भी जश्न में नजर आएगी।
73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद!
