निर्देश: रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास पर कोविड की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया है कि कोविड को देखते हुए लोगों के खानपान का ध्यान रखा जाए। जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें दोनों समय फूड पैकेट दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा 15 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है, लेकिन तमाम लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है। इनके खाने के लिए सामुदायिक भोजनालय शुरू किया जाए। निराश्रित लोगों, अकेले रह रहे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे लोगों के संक्रमित होने पर उनके साथ अतिरिक्त संवेदनशीलता का भाव रखा जाए।
पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके समुचित इलाज, भोजन आदि की व्यवस्था करे। ठंड के दृष्टिगत रैन बसेरों में भी समुचित प्रबंध रखे जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि निगरानी समितियां गांवों में प्रधान के नेतृत्व में और शहरी वार्डों में पार्षदों के नेतृत्व में क्रियाशील रहें। घर-घर संपर्क कर बिना टीकाकरण वाले लोगों की सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग, त्वरित ट्रीटमेंट और तेज टीकाकरण की नीति से प्रदेश में कोविड की स्थिति नियंत्रण में है। चिकित्सा विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि यह संक्रमण कम तीव्रता वाला और वायरल फीवर की तरह है। सामान्य मरीज होम आइसोलेशन में रहकर चिकित्सक की सलाह से अपना इलाज कर सकते हैं। लेकिन, हर स्तर पर सावधानी जरूरी है।