यूपी: पहाड़ो में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ रही है। उत्तर भारत में मौसम ने पूरी तरह से करवट ले ली है। पूरे उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। यूपी भी कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। कोहरे की वजह से नजदीक की चीजें भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे पा रही है। जिसके चलते सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
यूपी में शुरु हुए कोहरे के चलते अचानक से सड़क हादसों में तेजी आई है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोहरे की दृश्यता के अनुसार ही बसों का संचालन किया जाए। दृश्यता कम होने की स्थिति में बस का संचालन रोक दिया जाए और कोहरा समाप्त होने के बाद ही पुन प्रारंभ किया जाए।
अतः प्रदेश में सुबह बढ़ते कोहरे और कम दृश्यता के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों का संचालन नहीं होगा। निगम की ओर से इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक बस स्टेशन बस चालकों को उनके मार्ग पर कोहरे की स्थिति की जानकारी दी जाएगी।
परिवहन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि बस स्टैंड से बस रवाना होने से पहले चालक और परिचालक को पाबंद किया जाए कि कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की स्थिति में बस का संचालन नहीं करें। बस को निकटवर्ती बस स्टेशन व यात्री प्लाजा, ढाबे, पेट्रोल पम्प, पुलिस थाना अथवा अन्य किसी सुरक्षित स्थान पर रोक दें। कोहरा समाप्त होने के बाद ही बसों का संचालन पुनः प्रारंभ किया जाए।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि बस चालक कोहरे के समय किसी भी दशा में मार्ग के विपरीत दिशा में स्थित ढाबे पर बसों को न ले जाएं। चेकिंग स्टाफ भी इस बात का विशेष ध्यान रखे कि बस को मुख्य सड़क पर खड़ा न किया जाए। आपको बता दें कि पहाड़ों पर कभी बर्फबारी तो कभी बारिश से लगातार मौसम बदल रहा है।
