रूस-यूक्रेन युद्ध: 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस ने हमला किया था। इसके बाद से अब तक जंग जारी है। रूस यूक्रेन के कई शहरों को तबाह कर चुका है। जंग का आज 32 वां दिन है, इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन में जारी रूस के हमलों के बीच पोलैंड पहुंचे यहां उन्होंने पोलैंड में शरण लिए हुए यूक्रेनी शरणार्थियों से मुलाकात की। यहां बाइडन ने देर रात पोलैंड की राजधानी में लोगों को संबोधित भी किया।
अपने भाषण में राष्ट्रपति बाइडन ने रूस पर हमला बोलते हुए कहा था कि व्लादिमीर पुतिन सत्ता में नहीं रह सकते। हालांकि व्हाइट हाउस को तुरंत यह बयान वापस लेना पड़ा और अब इस पर अपनी सफाई भी दे दी है। राष्ट्रपति बाइडन के भाषण के बाद व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बाइडन के ‘यह आदमी सत्ता में नहीं रह सकता’ टिप्पणी पर सफाई में बयान देते हुए कहा कि राष्ट्रपति बाइडन रूस में पुतिन की शक्ति, या शासन परिवर्तन पर चर्चा नहीं कर रहे थे। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए थे कि जो बाइडन की विदेश नीति अमेरिका से अलग है।
राष्ट्रपति बाइडन ने पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से वारसॉ में मुलाकात की। यहां अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि नाटो पूरी तरह से एकजुट है। हमारे दृष्टिकोण में कोई अलगाव नहीं होना चाहिए। मुझे विश्वास है कि व्लादिमीर पुतिन को यकीन था कि वह नाटो को विभाजित कर देंगे और पूर्व को पश्चिम से अलग करने में सक्षम होंगे।
पोलैंड के वारसॉ में एक संबोधन में बाइडन ने रूस को निशाने पर लेते हुए कहा कि यूक्रेन पर हमले का रूस के पास कोई तर्क नहीं है। इस बर्बर हमले के लिए रूस जिम्मेदार है। हम यूक्रेन के साथ खड़े हैं। उन्होंने पुतिन पर हमला बोलते हुए उन्हें एक कसाई बताया।
