India

दिल्ली: हिंदूराव अस्पताल में पांच माह से नहीं मिला है वेतन, आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर होंगे डॉक्टर

दिल्ली: दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में उपचार मिलना मुश्किल हो सकता है और इसकी वजह बकाया वेतन और कर्मचारियों का अभाव होगा। सोमवार से अस्पताल के डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। वहीं इस विरोध प्रदर्शन में अस्पताल के बाकी कर्मचारियों ने भी अपना समर्थन दिया है।

इन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बीते पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। जबकि डॉक्टरों को बीते दो महीने से वेतन नहीं दिया गया। जानकारी के अनुसार अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारी और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी पिछले कई दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक काम नहीं कर रहे हैं  डॉक्टरों ने निगम प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। दिवाली पर भी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला जिसकी वजह से कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल कर रहे हैं।

अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टरों का कहना है कि सोमवार से निगम के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। अस्पताल में पहले से स्टाफ की कमी है। इसके बाद भी उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने वेतन नहीं दिया। अब तक जो बचत थी उसकी वजह से घर का खर्चा चल गया लेकिन ऐसा कब तक चलेगा?

उधर कर्मचारियों को वेतन देने को लेकर निगम और दिल्ली सरकार के बीच भी आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। नगर निगम का कहना है कि दिल्ली सरकार से उन्हें बजट नहीं मिला है। जबकि सरकार का कहना है कि उन्होंने निगम का बजट काफी समय पहले ही उपलब्ध करा दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top