शंघाई सहयोग संगठन: राजनाथ सिंह 23 अगस्त को तीन दिनों की आधिकारिक यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे हैं। बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में हो रही शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की वार्षिक बैठक में शामिल हुए। इस दौरान एससीओ सदस्य देशों के बीच रक्षा सहयोग के मुद्दे पर बैठक हुई। यहां उन्होंने एससीओ के सदस्य देशों के अपने समकक्षों से मुलाकात की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैठक की ट्वीट कर जानकारी देते हुए व बैठक में भारत का पक्ष रखते हुए यूक्रेन संकट पर उन्होंने चिंता व्यक्त की। वहीं, बैठक से पहले एससीओ के सदस्य राज्यों के सैन्य आर्केस्ट्रा के संगीत कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र बल बैंड ने भी प्रदर्शन किया।
एससीओ रक्षा मंत्रियों की ताशकंद में हो रही बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदस्य देशों से सभी रूपों में आतंकवाद को खत्म करने के लिए एक साथ आने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन की स्थिति पर भारत की चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की स्थिति को बातचीत से सुलझाना चाहिए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एससीओ रक्षा मंत्रियों की ताशकंद में बैठक में कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है। भारत सभी प्रकार के आतंकवाद से लड़ने और क्षेत्र को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्थिर बनाने के अपने संकल्प को दोहराता है।
