कर्नाटक: सरकार द्वारा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं और पिछले तीन वर्षों में ऐसे मामलों में लगातार कमी आई है, लेकिन इस बीच कर्नाटक के बेलगावी जिले से शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के मुडलगी कस्बे के एक नाले में सात भ्रूण उतराते पाए गए। पुलिस के मुताबिक भ्रूण को पांच प्लास्टिक के डिब्बों में रखकर बहते नाले में फेंक दिया गया l मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को राहगीरों ने एक नाले में बहते हुए सात भ्रूण देखे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब नाले से पांचों डिब्बों को बाहर निकलवाया तो उनमें भ्रूणों के होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर स्वास्थ्य विभाग को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी महेश कोनी ने कहा, प्रथम दृष्टया यह मामला लिंग पहचान और भ्रूण हत्या का हो सकता है। उन्होंने बताया, सभी भ्रूण पांच माह के हैं। इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। कोनी ने बताया, सभी भ्रूणों को आगे की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।