वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। क्षेत्र के शक्तिपीठ कॉलोनी में निवास कर रहे चितईपुर थाने में तैनात एसआई मनीष सिंह (38) संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने के कारण अस्पष्ट है। हालांकि कहा जा रहा है कि सर्विस रिवाल्वर साफ करते समय गोली चल गई।
गोली जबड़े को छेदते हुए सिर को पार कर गई। घटना की सूचना एसआई मनीष सिंह की पत्नी सोनी सिंह ने अधिकारियों को दी। आनन-फानन एसओ सारनाथ मौके पर पहुंचे और घायल मनीष को मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल लेकर पहुंचे। हालात गंभीर होने पर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जिसके बाद पुलिसकर्मी पूरा रास्ता खाली कराते हुए लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
चितईपुर एसओ मिर्जा रिजवान बेग ने बताया कि मनीष की ड्यूटी सोमवार दोपहर 12 बजे से चौक पर रंगभरी एकादशी में लगी थी। अचानक से उनके घायल होने की सूचना मिली। गोली से सांस की नली क्षतिग्रस्त हो गई है। एसआई की हालत स्थिर है। एडीसीपी काशी और कैंट एसीपी फोर्स के साथ ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
मनीष को गोली लगने की जानकारी मिलते ही साथियों ने तत्परता दिखाई। टीआई के साथ एसओ चितईपुर, सारनाथ और लंका के थानेदार पूरा रास्ता खाली कराते ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। जिसके कारण मनीष की जान बच गई।