भारत जोड़ो न्याय यात्रा: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिलहाल असम में है। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज नौवा दिन है। असम राज्य में यात्रा को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। देर शाम को नागांव के आमबगान इलाके में राहुल गांधी के खिलाफ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। असम में नागांव के आमबगान इलाके में सड़क किनारे एक भोजनालाय के पास भीड़ ने यात्रा को घेर लिया। इस दौरान भीड़ ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कांग्रेस विधायक रकीबुल हुसैन का भी विरोध किया। लोगों ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अन्याय यात्रा बताया और रकीबुल वापस जाओ के नारे लगाए। हालात की स्थिति को भांपते हुए सुरक्षा कर्मियों ने गांधी सहित अन्य नेता को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके अलावा, रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गाड़ियों पर भी हमले हुए। हमले में छात्र विंग के तीन सदस्य घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस महासचिव, केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि असम में यात्रा के प्रवेश के बाद से देश के सबसे भ्रष्ट सीएम अपने गुंडों का इस्तेमाल कर हमारे कापिले, नेताओं और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
वेणुगोपाल ने आगे कहा कि यह गंभीर मामला है। हर भारतीय को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। घटना भाजपा की फासीवाद और गुंडागर्दी को उजागर करता है। राज्य में यात्रा पर हो रहे हमलों के विरोध में पूरे भारत के पीसीसी और डीसीसी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। हम विरोध प्रदर्शन के माध्यम से जनता को बताएंगे कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली असम की भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। न्याय के लिए हम लड़ते रहेंगे। इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की बस को भीड़ ने रोक लिया था। यात्रा के काफिले पर हुए हमले को कांग्रेस ने सुनियोजित हमला बताया है।