ताइवान-चीन: चीन और ताइवान के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। चीन-ताइवान तनाव चरम पर है। चीन की सेनाओं ने ताइवान के करीब मिलिट्री ड्रिल शुरू कर दी थी। इससे पहले चीन के 27 फाइटर जेट्स ताइवान की सीमा में दाखिल हुए थे और इसकी वजह से माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।
अब खबर आ रही है कि चीन की सेना की पूर्वी थियेटर कमान ने युद्धाभ्यास के नाम पर ताइवान को चारों तरफ से घेर रखा है। लगातार आक्रामक हरकतों की वजह से ताइवान खाड़ी में तनाव चरम पर है। ताइवान ने बताया कि 6 चीनी नौसैनिक जहाज और 51 लड़ाकू विमानों ने उसकी सीमा का उल्लंघन किया।
इससे पहले 7 अगस्त को ताइवान की सीमा में चीन के 14 युद्धपोत और 66 विमानों के दाखिल होने से हालात बेहद नाजुक हो गए थे। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ताइवान के सुरक्षाबल बेहद संयम के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। चीन की आक्रामकता को देखते हुए ताइवान ने भी अपनी रक्षा और हमले का अभ्यास शुरू कर दिया है। इसके अलावा अपनी समुद्री व हवाई रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर दिया है।
मंत्रालय के मुताबिक, चीन के 12 एसयू-3, 6 जे-16, 4 जे-10, 2 एच-6 और एक वाई-8 विमान एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन में दाखिल हुए। इसके जवाब में तुरंत ताइवान के लड़ाकू विमानों ने उड़ानें भरीं। अमेरिका में ताइवान की दूत ह्सियाओ बी-खिमो ने कहा कि ताइवान में विदेशी मेहमान व प्रतिनिधिमंडल आते रहेंगे। ताइवान झुकेगा नहीं। चीन से डरकर हम दुनिया में दोस्त बनाना और उन्हें बुलाना बंद नहीं करने वाले।
