महाराष्ट्र: गांधीजी के खिलाफ अभद्र भाषण देने वाले कालीचरण महाराज को ठाणे पुलिस ने किया गिरफ्तार, रायपुर जेल से हिरासत में लिया

महाराष्ट्र: हिंदूवादी नेता कालीचरण महाराज ने रायपुर में धर्म संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की थी। कालीचरण महाराज को अब महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र समेत कई राज्यों की पुलिस ने कालीचरण महाराज के खिलाफ केस दर्ज किया है। महाराज को ठाणे पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया। वहां वह इसी तरह के मामले में जेल में बंद थे।

उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर ठाणे लाया जा रहा है। ठाणे के नौपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर ठाणे लाया जा रहा है और गुरुवार शाम तक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

इससे पहले, पिछले साल 26 दिसंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में महात्मा गांधी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए रायपुर पुलिस ने कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया था। 12 जनवरी को, महाराष्ट्र के वर्धा में पुलिस ने इसी तरह के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया था।

नौपाड़ा के पुलिस अधिकारी ने बताया कि महाराज के खिलाफ महाराष्ट्र के राकांपा नेता व मंत्री जितेंद्र अवाड़ ने केस दर्ज कराया है। इसके पहले महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने भी कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया था। पुणे पुलिस ने ‘शिव प्रताप दिन’ कार्यक्रम के दौरान 19 दिसंबर 2021 को भड़काने वाला भाषण देने के आरोप में पकड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *