कोरोना का कहर: नये साल शुरू होने के साथ साथ भारत में कोरोना का कहर भी शुरू हो गया है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं। खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज से सात जनवरी तक के लिए धारा 144 लागू कर दिया है।
भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर से तेज होती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 27,553 मामले सामने आए हैं जबकि ओमिक्रॉन वैरिएंट से 1,525 लोग संक्रमित हुए हैं। इस दौरान 284 लोगों की मौत हुई है। देश में सक्रिय मामले बढ़ने लगे हैं। ताजा आंकड़े के अनुसार देश में कुल सक्रिय मामले 1,22,801 हो गए हैं। हालांकि इस दौरान केवल 9,249 लोग ही स्वस्थ हो पाए।
जम्मू कश्मीर के कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय में 13 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट चरणदीप सिंह ने विश्वविद्यालय को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए हैं।